
मऊ। राष्ट्रीय धनगर महासभा के तत्वावधान में 15 जून को आशीर्वाद मैरिज हॉल, खीरीकोठा, मधुबन में मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा एवं भव्यता के साथ सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य व्यक्तियों, बुद्धिजीवियों, युवाओं एवं मातृशक्ति की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय धनगर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. धनगर रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन में मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों, त्याग, न्यायप्रियता एवं समाजसेवा के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए समाज से उनके पदचिह्नों पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मैं धनगर समाज को धनगर प्रमाण दिलाकर रहूंगा। उन्होंने जिला अध्यक्ष संजीव धनगर की प्रशंसा की कि मऊ जिले में इतना बड़ा कार्यक्रम आयोजित हुआ। विशिष्ट अतिथियों में एड. वी.एन. पाल धनगर प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय धनगर महासभा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज की एकता, शिक्षा, संगठन एवं सामाजिक जागरूकता पर बल दिया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। समारोह का सफल संचालन एवं आयोजन एडवोकेट संजीव धनगर जिला अध्यक्ष राष्ट्रीय धनगर महासभा के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के अंत में समाज की उन्नति, एकता एवं मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया तथा सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। -ब्यूरो