
ललितपुर। सेवा और समर्पण भाव से किए गए कार्यों में सफलता मिलना निश्चित है, इन दोनों चीजों को जीवन में शामिल किये बिना किसी भी कार्य में सफलता नहीं मिल सकती है। उक्त उद्गार अखिल भारतीय पाल महासभा जनपद शाखा ललितपुर के जिला अध्यक्ष इंजीनियर बी.के. पाल ने ग्राम पूराकलां में सांवरिया सेठ किसान सेवा केंद्र के उद्घाटन के दौरान व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि हमारा समाज हमेशा से ही व्यापार करता आ रहा है। हमसे अधिक अनुभवशाली समाज और कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि हम शिक्षा में भले ही कमजोर हों लेकिन व्यापार करना हमें भली-भांति आता है, इसलिए युवाओं को अपने गौरवशाली अतीत को ध्यान में रखकर व्यवसाय की ओर अधिक ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जितना समय हमारे बच्चे अध्ययन में लगाकर व्यतीत कर रहे हैं, यदि उतने समय में एक व्यवसाय को शुरू कर लिया जाए तो व्यवसाय स्थापित हो सकता है और हम 2-4 लड़कों को रोजगार दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वह ऐसे व्यवसाय का चुनाव करें जो भविष्य में उनके व परिवार के लिए लाभदायक हो तथा समाज की सेवा भी की जा सके। जिला कोषाध्यक्ष दयाराम पाल ने कहा कि आज महंगी शिक्षा के कारण कई युवाओं को बीच में ही पढ़ाई छोड़नी पड़ती है, उनमें से कुछ युवाओं ने अपने आसपास ही छोटे से व्यवसाय से काम शुरू कर क्षेत्र में अपना नाम बना लिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ हमें अपने बच्चों को तकनीकी ज्ञान भी देना चाहिए जिससे वह अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। उन्होंने सांवरिया सेठ किसान सेवा केंद्र के संचालक राजेश पाल से अनुरोध किया कि वह सेवा और समर्पण भाव से क्षेत्र के किसानों की सेवा करें, इससे उनका व्यापार दोगुना बढ़ेगा। इस मौके पर नाथूराम पाल सुनोरा, प्रेमपाल सोनोरा, मुलायम पाल हजारिया, कृपाल सिंह चौबारा, अमृत पाल, पहलवान पाल, शिवम पाल पूराकलां, लखनपाल हजारिया, रामबख्श पाल पचौडा, छोटेलाल पाल मोनी, सनत पाल चौबारा, जयपाल चौबारा, मुन्नालाल पाल सारसेढ, बृजपाल सारसेढ, वृंदावन चौबारा आदि प्रमुख रूप से मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन राजेश पाल ने किया। -प्रकाश पाल