
भोपाल। मध्यप्रदेश पाल समाज भोपाल परमार्थिक लोकन्यास के तत्वावधान में 19 जुलाई को एम.पी. नगर स्थित ‘पाल भवन’ में 44वां आय-व्यय, वैवाहिक परिचय सम्मेलन एवं वार्षिक साधारण सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत अहिल्याबाई होलकर, भगवान गणेश एवं पाल समाज के संस्थापक स्व. रमाशंकर पाली के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर की गई। मुख्य अतिथि गया प्रसाद बघेल, विशिष्ट अतिथि सुंदरलाल पाल, शिवकिशोर पाल बैतूल, रमेश सिंह ठाकुर (भोपाल), राजकुमार श्रीमाली (खंडवा) थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती कुमुद बाला वरणा (सेवानिवृत्त जिला जज रतलाम) ने की तथा संचालन सुशील पाली (सुपुत्र स्वर्गीय रमाशंकर पाली) ने किया। अध्यक्ष नर्मदाप्रसाद पाल, कोषाध्यक्ष सुमन कुमार पाल, महासचिव गणेश मोरे एवं आर.डी. पवार सहित समाज के अन्य गणमान्य जनों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ईश प्रार्थना एवं समाज के दिवंगतों के सम्मान में दो मिनट का मौन धारण किया गया। ग्वालियर से पधारे गया प्रसाद बघेल जो पाल भवन पर प्रात: 9 बजे पहुंच गए थे उनके हाथों पाल भवन की छत पर समाज का ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेरठ से पधारे अखिल भारतीय पाल महासभा के राष्ट्रीय सचिव कृपाल सिंह पाल एवं विशिष्ट अतिथि निरंजन सिंह पाल सम्पादक हरिकमल दर्पण को रखा गया था लेकिन वे देर से दोपहर 2.30 बजे भोपाल आये, इस कारण वैकल्पिक रूप से मुख्य अतिथि गया प्रसाद बघेल को रखा गया। मेरठ से आए दोनों अतिथियों को मंच पर आमंत्रित कर उनका पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। अपने उद्बोधन में कृपाल सिंह पाल ने समाज के बच्चों से कहा कि वे शिक्षा पर विशेष ध्यान दें। निरंजन सिंह पाल ने हरिकमल दर्पण समाचार पत्र द्वारा समाज हित में किए जा रहे कार्यों के बारे में अवगत कराया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही श्रीमती कुमुद बाला वरणा ने वैवाहिक परिचय के आयोजन के लिए समाज के अध्यक्ष नर्मदाप्रसाद पाल एवं संचालक सुमन की प्रशंसा करते हुए लोगों से अनुरोध किया कि वे भी समाज के उत्थान के लिए आगे आएं। राजकुमार श्रीमाली खंडवा ने स्व. रमाशंकर पाली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने समाज को इतना अच्छा भवन दिया है। कार्यक्रम में बुधनी जिला सीहोर से पधारे पूर्व सरपंच राजेश पाल ने अपने उद्बोधन में बताया कि वे समाज से कई वर्षों से जुड़े हैं और समाज बहुत बड़ा है, लेकिन बंटे हुए हैं। उन्होंने भोपाल भवन हेतु 51 हजार रुपये देने की घोषणा की। बैतूल से पधारे शिवकिशोर पाल, ग्वालियर से पधारे गणेश सिंह बघेल व रमेश चन्द्र पाल (संपादक पाल भारती), माता प्रसाद बघेल आदि ने समाज हित में अपने-अपने विचार व्यक्त किये। भोपाल के डा. सुधीर सिंह पाल ने 21 हजार रुपये पाल भवन हेतु दिए। भोपाल के कर्नल गजराज सिंह पाल ने 51 सौ रुपये का चेक दान स्वरूप प्रदान किया। मंच पर 15 युवक एवं 14 युवतियों ने अपना वैवाहिक परिचय दिया जो अहमदाबाद, इंदौर, ग्वालियर, बैतूल, भोपाल, सागर, रतलाम, खरगौन, कटनी आदि शहरों से पधारे थे। टेलीविजन की स्क्रीन पर युवक-युवतियों का परिचय प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम का संचालन कोषाध्यक्ष सुमन कुमार पाल एवं महेश पाल द्वारा किया गया। आभार प्रदर्शन के बाद दोपहर 3.30 बजे सामुहिक भोज का आयोजन किया गया और उसके बाद कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में लगभग 200 महिला/पुरुषों ने भाग लिया। -नर्मदाप्रसाद पाल