Harikamaldarpan

लोड हो रहा है... लोड हो रहा है...

बघेल समाज के मां-बेटे से मारपीट, एसपी को सौंपा ज्ञापन

दतिया। डगराकुआं गांव में रास्ते से निकलने को लेकर हुए विवाद में बघेल समाज के एक व्यक्ति और उसकी मां के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना से नाराज फरियादी खुशीराम बघेल 24 अगस्त को ग्रामीणों और समाजजनों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई, गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि 20 अगस्त की सुबह गोविंद सिंह बघेल और उनकी मां प्रभा देवी खेत से चारा काटकर वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पंकज यादव, अंकित यादव, ज्ञानसिंह यादव, शिवराम यादव सहित दो अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया। रास्ते से निकलने की बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। फरियादी का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों और सरिये से गोविंद सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में गोविंद सिंह के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी मां प्रभा देवी के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। फरियादी ने एसपी को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि विवाद के दौरान बंदूक से फायरिंग कर दहशत फैलाई गई। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। उनका आरोप है कि पुलिस द्वारा फायरिंग के मामले में लाइसेंसी बंदूक का उल्लेख नहीं किया गया। फरियादी ने यह भी आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष ने दबाव बनाकर उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कराई है। खुशीराम बघेल ने एसपी को सौंपे ज्ञापन में मारपीट और फायरिंग के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इसके अलावा हथियारों के लाइसेंस निरस्त करने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। एसपी मयूर खंडेलवाल ने ग्रामीणों और समाजजनों से आवेदन लेकर मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। -अमोलक सिंह बघेल

1 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

संबंधित खबरें

Scroll to Top
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x