
लखनऊ। राष्ट्रीय समाज पार्टी का 23वाँ स्थापना दिवस देश के 16 राज्यों में धूमधाम से मनाया गया। पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष पूर्व कैबिनेट मंत्री एमएलसी महादेव जानकर साहब की उपस्थिति में यहां कस्तूरबा सभागार गांधी भवन केसर बाग में बड़ी धूमधाम के साथ समारोह मनाया गया। कार्यक्रम की शुरूआत पार्टी सुप्रीमो महादेव जानकर साहब ने दीप प्रज्वलित कर की जिसमें उत्तर प्रदेश बसपा में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व सांसद रहे लालमणि प्रसाद, समाजवादी पार्टी से पूर्व मंत्री वर्तमान सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष काशीनाथ यादव, राष्ट्रीय समाज पक्ष से राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा, सदस्य राष्ट्रीय कार्यकारिणी नरेश कुमार कीर की उपस्थिति रही। उत्तर प्रदेश के 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी सुप्रीमो पूर्व कैबिनेट मंत्री महादेव जानकर साहब ने यूपी के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए बूथ स्तर मजबूत करने, ‘युवा जोड़ो संकल्प अभियान’ के तहत कार्यकर्ताओं को जोड़ने व साथ ही साथ आगामी विधानसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा प्रत्याशी खड़े करने, चुनावी तैयारी तेज कर जुट जाने का आह्वान किया। नरेश कुमार कीर ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि राष्ट्रीय समाज पक्ष उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर मजबूती से प्रत्याशी उतारकर लड़ने का काम करेगी जिसमें दलित, पिछड़े, उपेक्षित बहुजन समाज, महिलाओं को राजनीतिक हिस्सेदारी, भागीदारी सहित सर्व समाज को पार्टी टिकट देने का काम करेगी। लखनऊ कार्यक्रम की सफल रूपरेखा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रामलाल यादव, ज्ञानचंद पाल, संजय उपाध्याय, उत्तर प्रदेश महासचिव भूरे सिंह, उपाध्यक्ष अनुपम पाल, मंडल अध्यक्ष लखनऊ सरवन पाल व किसान नेता राजू पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधिवक्ता नंदिनी शर्मा, अंजनी कुमार, अंजू पाल, रामभूल पाल, प्रमोद मेहरौलिया, कैप्टन हरीश पाल, वीर पाल, कुलदीप पाल सहित सैकड़ो की संख्या में महिलाएं व दिल्ली एनसीआर से कार्यकर्ता पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल रहे। राष्ट्रीय समाज पार्टी देश के 17 प्रदेशों में काम कर रही है। पार्टी के 23वें स्थापना दिवस पर महाराष्ट्र, पुणे, कर्नाटक, बिहार, मध्यप्रदेश, चेन्नई, गुजरात सहित देश के विभिन्न राज्यों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। -ब्यूरो