Harikamaldarpan

लोड हो रहा है... लोड हो रहा है...

शादी में फिजूलखर्ची रोकने को पलवल में खापों की महापंचायत ने लिए 22 कड़े फैसले

पलवल। शादी की फिजूलखर्ची खत्म करने के लिए गांव मंडकोला में 6 सितंबर को हुई 52 पाल की महापंचायत में सर्वसम्मति से कई अहम फैसले लिए गए। इस महापंचायत में करीब 10 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। 36 बिरादरी और 52 पाल की ऐतिहासिक महापंचायत में एनसीआर भर से जुटे करीब दस हजार लोगों की मौजूदगी में एकमत से 22 कड़े फैसले लिए, जिनमें एक रुपये में सगाई, शादियों में डीजे व शराब पर पूर्ण पाबंदी, मृत्युभोज पर रोक और जेवरात की सीमा तय करने जैसे बड़े सुधार शामिल हैं। मंडकोला में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक चली इस महापंचायत की अध्यक्षता 52 पाल के अध्यक्ष अरुण जेलदार ने की। इसमें विभिन्न पालों के अध्यक्षों समेत कई जनप्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। अरुण जेलदार ने फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि अब सगाई की रस्म में लड़के को केवल एक रुपया, पांच कपड़े और एक किलो मिठाई दी जाएगी। सगाई की रस्म के लिए अधिकतम पांच लोग ही जा सकेंगे। इसी तरह शादियों में बारात का आकार भी सीमित कर दिया गया है; अब बारात में अधिकतम 51 लोग ही शामिल हो सकेंगे। विवाह समारोहों में केवल शाकाहारी और सात्विक भोजन ही परोसा जाएगा, साथ ही बेहिसाब मिठाई और ढेरों व्यंजन बनाने से बचने की सख्त अपील की गई है। महापंचायत में हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम, उत्तर प्रदेश के मंत्री लक्ष्मी नारायण, हरियाणा के विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया, आफताब अहमद, इसराइल समेत कई पूर्व मंत्री-विधायक सहित विभिन्न पालों के अध्यक्ष शामिल हुए। यह भी तय किया गया कि कन्यादान के रूप में अधिकतम 11 हजार रुपये ही दे सकेंगे। दहेज में लग्जरी गाड़ी, नकद राशि और अन्य महंगा सामान देने पर पूरी तरह रोक रहेगी। शादी हो या निकाह—डीजे और शराब पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। शादियों में जेवरात के लेन-देन को सीमित करते हुए दो तोला से ज्यादा सोना और 100 ग्राम से ज्यादा चांदी देने पर पाबंदी लगा दी गई है। महापंचायत के फैसलों का पालन सुनिश्चित करने के लिए तीन कमेटियां बनाई जाएंगी। ये तीनों कमेटियां मिलकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगी। ग्रामीण और रिश्तेदार ऐसे परिवारों के कार्यक्रमों का बहिष्कार भी करेंगे। -ब्यूरो

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

संबंधित खबरें

Scroll to Top
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x