Harikamaldarpan

लोड हो रहा है... लोड हो रहा है...

नरसिंहगढ़ में विशाल धनगर/पाल समाज सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

नरसिंहगढ़। अखिल भारतीय पाल महासभा के तत्वावधान में 9 सितंबर को यहां धनगर/पाल समाज का विशाल सामाजिक सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नरसिंहगढ़ विधानसभा सहित पूरे जिले से बड़ी संख्या में धनगर/पाल समाज के सामाजिक बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गौतम टेटवाल राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), कौशल विकास एवं रोजगार विभाग तथा नारायण सिंह पंवार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शैतान सिंह पाल राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय पाल महासभा एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री दर्जा, मप्र शासन ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में मोहन शर्मा विधायक नरसिंहगढ़ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विधायक मोहन शर्मा के प्रयासों से बलवतपुरा चौराहे का नामकरण लोकमाता अहिल्या देवी होलकर चौराहा किए जाने के पश्चात उसका लोकार्पण कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर समाजबंधुओं ने लोकमाता अहिल्या देवी होलकर के आदर्शों और उनके लोककल्याणकारी कार्यों को स्मरण किया। कार्यक्रम में समाज के विकास एवं लोकमाता अहिल्या देवी होलकर की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों की जानकारी देते हुए कई घोषणाएं की गर्इं। नारायण सिंह पंवार द्वारा अहिल्या पार्क का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें लोकमाता अहिल्या देवी होलकर की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। गौतम टेटवाल द्वारा इंदौर-सारंगपुर तिराहे का नामकरण देवी अहिल्या तिराहा किए जाने तथा वहां लोकमाता अहिल्या देवी होलकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने की घोषणा की गई। अजय पाल की स्मृति में उनकी प्रतिमा स्थापित किए जाने की बात कही गई। पाल समाज की धर्मशाला के निर्माण की दिशा में कार्य किए जाने की घोषणा की गई। सारंगपुर में ‘अहिल्या देवी स्किल ट्रेनिंग सेंटर’ स्थापित किए जाने की घोषणा की गई, जिससे युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। अखिल भारतीय पाल महासभा के जिलाध्यक्ष इंजीनियर सुनील धनगर ने बताया कि यह सम्मेलन समाज की एकता, संगठन और सामाजिक उत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं भव्य बना दिया। इंजीनियर सुनील धनगर ने सभी अतिथियों, समाज के वरिष्ठजनों, मातृशक्ति, युवाओं एवं कार्यक्रम में प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और संगठनात्मक शक्ति के माध्यम से शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, सामाजिक भवन एवं युवा उत्थान जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्य किया जाएगा। -ब्यूरो

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

संबंधित खबरें

Scroll to Top
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x