Harikamaldarpan

लोड हो रहा है... लोड हो रहा है...

लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर सम्मान समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों एवं सिविल सेवा से जुड़े लोगों का हुआ सम्मान

हाईस्कूल व इंटर के 21 विद्यार्थियों को वितरित की गई साइकिलें, दिव्यांग छात्रा उमंग को मिले 22 हजार रुपये
मुजफ्फरनगर।
समस्त गडरिया धनगर समाज, मुजफ्फरनगर के तत्वावधान में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की स्मृति में मेधावी छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों एवं सिविल सेवा प्रोत्साहन सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, खेल, प्रशासनिक एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों एवं युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मीरापुर विधायक मिथलेश पाल रहीं। समारोह में सिटी मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल, मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता भरत पाल, सब रजिस्ट्रार आकाश पाल, गुलाबी गैंग प्रमुख संपत पाल, स्टेशन मास्टर सचिन पाल तथा दरोगा महेंद्र पाल सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने प्रतिभाग किया। अतिथियों ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों एवं समाज के लिए किए गए कार्यों को याद किया। समारोह में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से डॉ. सत्येंद्र पाल के सहयोग से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के 21 विद्यार्थियों को साइकिलों का वितरण किया गया। साइकिल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। आयोजकों ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में इस प्रकार के प्रयास लगातार किए जाने चाहिएं। कार्यक्रम में दिव्यांग छात्रा उमंग का विशेष रूप से सम्मान किया गया। उमंग ने हाईस्कूल की परीक्षा में 84 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। छात्रा की उपलब्धि और मेहनत को देखते हुए अखिल विश्व पाल क्षत्रिय महासभा के जिला अध्यक्ष सुनील कुमार पाल ने 11 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की। वहीं डॉ. सत्येंद्र पाल ने भी उमंग को 11 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि देकर उसका उत्साहवर्धन किया। इसके अतिरिक्त डॉ. सत्येंद्र पाल की ओर से छात्रा को एक साइकिल भी प्रदान की गई। समारोह में मौजूद अतिथियों ने उमंग की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांगता प्रतिभा और मेहनत के रास्ते में बाधा नहीं है। खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत से उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों को भी समारोह के दौरान सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाएं संसाधनों के अभाव में आगे नहीं बढ़ पातीं। ऐसे प्रतिभावान खिलाड़ियों को मंच देकर उनका सम्मान और उत्साहवर्धन करना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। खिलाड़ियों से खेलों में निरंतर मेहनत करने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समाज तथा जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया गया। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर का जीवन समाज सेवा, न्याय, महिला सम्मान और जनकल्याण की प्रेरणा देता है। उन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। आज की युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का संचालन हरेंद्र पाल ने किया। कार्यक्रम के संयोजक प्रमोद पाल, कार्यक्रम अध्यक्ष रविंद्र ठेकेदार तथा कमेटी के कोषाध्यक्ष राज सिंह पाल रहे। आयोजकों ने अतिथियों एवं समारोह में पहुंचे समाज के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी मेधावी विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, सिविल सेवा से जुड़े लोगों एवं समाज की अन्य प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। समारोह में रामनिवास पाल, सत्यपाल पाल, डॉ. सत्येंद्र पाल, रमेश पाल, शिवकुमार पाल, धर्मपाल बैंक, किरण पाल, राज सिंह पाल, संजीव पाल डायरेक्टर गन्ना समिति, दीप्ति पाल, सुप्रिया पाल, अमित पाल श्यामाजी ट्रेडर्स, सुभाष पाल तेल वाले, जयवीर मुनीम, रेनू पाल प्रधान, मोनू पाल छपरा, जोगिंदर पाल, सुशील पाल, कैप्टन पवित्र पाल, अमरनाथ पाल, बिरम सिंह, सुरेश पाल, देशपाल सिद्धार्थ स्टूडियो, अनुज पाल एवं अनिल पाल सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को सम्मान एवं प्रोत्साहन देकर उन्हें शिक्षा, खेल, प्रशासनिक एवं सामाजिक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। -सुनील कुमार पाल

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

संबंधित खबरें

Scroll to Top
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x