Harikamaldarpan

लोड हो रहा है... लोड हो रहा है...

बीपीएससी परीक्षा में पाल समाज के कई प्रत्याशियों का चयन

पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में पाल समाज के कई प्रतिभाशाली प्रत्याशियों ने सफलता प्राप्त कर अधिकारी बनने का गौरव हासिल किया है। रोहतास जिले के कोचस प्रखंड के इंदौर गाँव निवासी आनंद किशोर पाल ने 1865वीं रैंक प्राप्त कर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के अधिकारी पद पर चयनित होकर समाज का मान-सम्मान बढ़ाया है। निशा कुमारी 234वीं रैंक प्राप्त कर प्रखंड विकास पदाधिकारी के पद पर चयनित हुई हैं। ये पटना जिले के मोकामा विधानसभा क्षेत्र के शिवनार गाँव निवासी नीतीश पाल की धर्मपत्नी हैं। औरंगाबाद जिला, हसपुरा प्रखंड के चनहट गाँव निवासी जय प्रकाश कुमार 463वीं रैंक प्राप्त कर जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर चयनित हुए हैं। सासाराम जिले के सूर्यपुरा प्रखंड के गोशलडीह मध्य विद्यालय की शिक्षिका संरचना 1954वीं रैंक हासिल कर आपूर्ति निरीक्षक के पद पर चयनित हुई हैं। संरचना वर्तमान में बीपीएससी टीआरई-2 के माध्यम से चयनित शिक्षिका के रूप में 12 फरवरी 2024 से गोशलडीह मध्य विद्यालय में विज्ञान व गणित पढ़ा रही हैं। अवकाश प्राप्त वायु सैनिक हरेराम पाल और गृहिणी चंदा देवी की पुत्री संरचना ने दूसरे प्रयास में यह उपलब्धि हासिल की है। मूल रूप से नासरीगंज प्रखंड के सबारी गांव निवासी संरचना ने प्रारंभिक शिक्षा अपने गांव और उच्च शिक्षा इलाहाबाद से पूरी की है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार को दिया है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं। आदित्य पाल (शिक्षक गोंडा, मूल निवास-हनुमानगंज, प्रयागराज) के छोटे भाई विपिन चन्द्र पाल का बिहार पीसीएस में डीएसपी पद पर चयन हुआ है। इस वर्ष इनका चयन यूपीपीसीएस में असिस्टेंट कमिश्नर ट्रेड टैक्स में भी हुआ है। इन सफल अभ्यर्थियों को पाल इंटेलेक्चुअल फोरम के अध्यक्ष डॉ. दिलीप पाल, संरक्षक डॉ. विनोद पाल तथा डॉ. ओ.पी. गुजेला ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। डॉ. दिलीप पाल ने कहा कि इन युवाओं की सफलता पाल समाज की बढ़ती शैक्षणिक चेतना का प्रमाण है और यह नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। डॉ. विनोद पाल ने इसे पूरे समाज के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि शिक्षा और परिश्रम से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। वहीं डॉ. ओ.पी. गुजेला ने कहा कि इन अभ्यर्थियों की उपलब्धि समाज के युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की ओर प्रेरित करेगी। हरिकमल दर्पण परिवार की ओर से सभी सफल प्रत्याशियों को बहुत-बहुत बधाई एवं हार्दिक शुभकामनाएँ। -सम्पादक

5 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

संबंधित खबरें

Scroll to Top
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x