Harikamaldarpan

लोड हो रहा है... लोड हो रहा है...

घटते चरागाह और गडरिया समाज का भविष्य!

गडरिया समाज की पहचान सदियों से पशुपालन और मेहनत से जुड़ी रही है। भेड़-बकरियों के झुंड के साथ गांव-गांव और खेत-खलिहानों के बीच जीवन बिताना केवल एक व्यवसाय नहीं बल्कि हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा रहा है। लेकिन आज इस परंपरा के सामने एक गंभीर चुनौती खड़ी है-चरागाहों का लगातार कम होना। गांवों में कभी पशुओं के लिए पर्याप्त सामुदायिक जमीन और चराई के स्थान हुआ करते थे। बढ़ते अतिक्रमण, बदलती भूमि उपयोग व्यवस्था और चरागाहों के सिकुड़ने से पशुपालकों के सामने चारे की समस्या बढ़ती जा रही है। इसका सीधा असर पशुपालन की लागत और पशुपालक परिवारों की आय पर पड़ता है। यह केवल गडरिया समाज की समस्या नहीं बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। आज जब सरकार पशुपालन और चारा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं चला रही है तब जरूरत है कि इन योजनाओं का लाभ वास्तविक पशुपालकों तक पहुंचे। राष्ट्रीय पशुधन मिशन के तहत भेड़-बकरी पालन और चारा संबंधी उद्यमों के लिए सहायता का प्रावधान भी है। गड़रिया समाज को भी समय के साथ अपनी पशुपालन परंपरा को आधुनिक बनाना होगा। वैज्ञानिक पशुपालन बेहतर नस्ल, पशु बीमा, पशु स्वास्थ्य सेवाएं और चारे की वैज्ञानिक व्यवस्था अपनाकर पशुपालन को अधिक लाभदायक बनाया जा सकता है। लेकिन इसके साथ सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है कि चरागाहों की रक्षा और पशुपालकों के हितों को गंभीरता से लिया जाए। पंचायत स्तर पर उपलब्ध सामुदायिक भूमि का संरक्षण चारा उत्पादन और पशुपालकों तक पशु चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकते हैं। गड़रिया समाज की आने वाली पीढ़ी को अपनी परंपरा से जोड़ते हुए शिक्षा और आधुनिक रोजगार के अवसर देने होंगे। यदि परंपरा, आधुनिक तकनीक और शिक्षा का सही मेल हो जाए तो पशुपालन केवल पुरानी विरासत नहीं रहेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए सम्मानजनक और लाभदायक व्यवसाय बन सकता है। चरागाह बचेंगे तो पशुपालन बचेगा, पशुपालन बचेगा तो गड़रिया समाज की एक महत्वपूर्ण पहचान भी सुरक्षित रहेगी। आज आवश्यकता है कि इस मुद्दे पर केवल चर्चा न हो, बल्कि समाज, पंचायत और प्रशासन मिलकर ठोस कदम उठाएं। यही हमारी परंपरा को बचाने और आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित करने की दिशा में सार्थक प्रयास होगा।
-सतेन्द्र पाल, बलरामपुर
मो. 7489159834

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

संबंधित खबरें

Scroll to Top
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x