
मथुरा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत बाटी में सामुदायिक भवन पर डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र के विधायक ठाकुर मेघश्याम सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अब शिक्षा के क्षेत्र में नए-नए साधनों का प्रयोग किया जा रहा है जिसमें लाइब्रेरी का बच्चों की पढ़ाई के लिए महत्वपूर्ण योगदान है। डिजिटल अध्ययन के माध्यम से लाइब्रेरी में बैठकर हम किसी भी प्रकार की जानकारी अपने ज्ञान के लिए अर्जित कर सकते हैं और यह ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण और उपयोगी भी है। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए उनके माता-पिता भी डिजिटल लाइब्रेरी में शिक्षण के लिए बच्चों को प्रेरित करें। इस अवसर पर ग्राम प्रधान एडवोकेट संजय धनगर ने कहा कि पिछले दस वर्षों में उत्तर प्रदेश में नए-नए कार्यों को आयाम दिए जा रहे हैं, चाहे शिक्षा का क्षेत्र हो, चाहे खेलकूद का क्षेत्र हो, चाहे सड़क, पानी, बिजली की समस्या हो। इसी प्रकार पंचायत बाटी में पिछले पांच वर्षों में बहुत कार्य ऐतिहासिक हुए हैं जो आज तक किसी कार्यकाल में नहीं हुए। स्वास्थ्य केंद्र की मंजूरी, खेल मैदान का निर्माण, समुदाय भवन का निर्माण, ग्राम पंचायत स्तर पर सीएससी सेंटर का चलना, शमशान का सौंदर्यकरण आदि इस प्रकार से कई ऐतिहासिक कार्य किए जा चुके हैं। इस मौके पर भाजपा छटीकरा मंडल के अध्यक्ष करतार सिंह, प्रभारी एडीओ पंचायत विशन सिंह, ग्राम पंचायत सचिव लवी बंसल, छटीकरा के प्रधान नरेंद्र कुमार, फैचरी के प्रधान भूरा सिरोही, मघेरा के प्रधान विष्णु सिंह, भदाल सुंदर के प्रधान योगेश चौधरी, डॉ. रोहन सिंह, भगवान सिंह, उदय सिंह, धर्मेंद्र सिंह, जगदीश धनगर, बलवीर सिंह, विजय सिंह, छोटू सिंह, दीपक धनगर, मोहन सिंह, संजू धनगर, लक्ष्मीकांत, दिनेश धनगर, अचल सिंह सहित अनेक लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता उदय सिंह व संचालन एडवोकेट संजय धनगर ने किया। -ब्यूरो