आज हमारे समाज के ऐसे हालात क्यों हैं? उसके लिए हम लोगों के साथ-साथ हमारे देश की सरकारें ज्यादा जिम्मेदार हैं। हमारे समाज का व्यवसाय पशुपालन था। पहले देश में चारागाह और जंगलों की बहुतायत थी। जैसे-जैसे आधुनिकता के नाम पर जंगल और चारागाहों की जमीन कम होने लगी वैसे-वैसे हमारी आर्थिक ताकत कम होती गई। हम जंगलों से बाहर निकलकर गांवों/शहरों में आ गये। अपना पैतृक व्यवसाय छोड़कर, कोई खेती-बाड़ी करने लगा, कोई मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन व्यतीत करने लगा। जब तक हम जंगलों में रहे तब तक शिक्षा का महत्व हमें मालूम ही नहीं हुआ। आज भी आजादी के बाद से किसी की तीसरी तो किसी की दूसरी और किसी-किसी की तो पहली पीढ़ी ही शिक्षित हुई है। हजारों में कोई एक या दो परिवार ऐसे होंगे जिनकी चौथी पीढ़ी शिक्षित हुई है। समयानुसार हमने शिक्षा के महत्व को शायद उतना महत्वपूर्ण नहीं समझा जितना हमारे जैसे पशुपालन करने वाले समाजों ने समझा और इस दिशा में आगे बढ़े। अभी भी वक्त है, हमें शिक्षा के महत्व को समझना होगा और इसी दिशा में आगे बढ़ने की कोशिश करनी होगी। हमारा मानना है कि समाज की प्रगति के लिए निम्नलिखित पहलुओं पर ही ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है-पहला स्वास्थ्य, दूसरी शिक्षा (ज्ञान में वृद्धि) और तीसरा रोजगार। माना की चारों तरफ अंधेरा घना है लेकिन ज्ञान, जागृति व रोशनी का दीपक जलाना कहाँ मना है। सोच सकारात्मक रखो, नकारात्मक नहीं। सोचो, समझो और आगे बढ़ो। सोच बदलो, सब कुछ बदलेगा।
-शेफर्ड नन्दकिशोर धनगर
मो. 9810624224
हमारे समाज के ऐसे हालात क्यों हैं?
Share:
आभार व धन्यवाद जी