महेश्वर। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 302वीं जयंती पर महेश्वर में 19 नवम्बर को अखिल भारतीय गडरिया महासभा के तत्वावधान में द्वितीय सामाजिक कुंभ का आयोजन किया गया। बूढ़ी जीन गोशाला के सामने स्थित मैदान में हुए इस आयोजन में देशभर से हजारों समाजजन शामिल हुए। भारूड़, धनगर, गारी, मेवाड़े, गुर्जर, पाल, बघेल, चंदेल, मौर्य, होलकर, यादव, ग्वाला, गवली, गायरी, गाडरी व गडरिया समाज के संयुक्त सहयोग से आयोजित कुंभ में शिक्षा, सामाजिक एकता, संगठन, स्वाभिमान व सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खासगी देवी अहिल्याबाई होलकर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमंत युवराज यशवंतराव होलकर ने कहा-‘महेश्वर की धरती लोकमाता अहिल्याबाई की कर्मभूमि है। उनका व्यक्तित्व व जनकल्याण के कार्य केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आज भी जन-जन के मन में बसे हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज को शिक्षा, एकता व विकास के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहिए।’ युवराज होलकर ने महेश्वर किले की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा- ‘यह हमारी गौरवशाली विरासत की सबसे बड़ी निशानी है। इसके कई हिस्सों को संरक्षण व मरम्मत की आवश्यकता है। इस संबंध में प्रदेश के मुख्यमंत्री से चर्चा कर शीघ्र आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया है।’ उन्होंने कहा-‘अहिल्या लोक परियोजना जितना ही जरूरी महेश्वर के ऐतिहासिक किले का संरक्षण भी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां इस धरोहर को उसी गौरव व सम्मान के साथ देख सकें। यही लोकमाता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।’ विधायक सचिन यादव ने सामाजिक कुंभ को संबोधित करते हुए कसरावद में समाज की धर्मशाला निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा-‘लोकमाता अहिल्याबाई का जीवन त्याग, सेवा, न्याय, सुशासन व जनकल्याण का अनुपम उदाहरण है। सामाजिक कुंभ केवल जयंती समारोह नहीं, बल्कि समाज की शैक्षणिक उन्नति, जागरूकता, संगठन व सर्वांगीण विकास का अभियान है।’ अखिल भारतीय गडरिया महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोती श्रीपाल ने कहा-‘महेश्वर में आयोजित सामाजिक कुंभ समाज की एकता, शिक्षा, संगठन व स्वाभिमान का प्रतीक है। युवाओं को शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। संगठित, शिक्षित व जागरूक समाज ही राष्ट्र निर्माण में सशक्त भूमिका निभा सकता है।’ महायोगी संत दादागुरु ने कहा-‘किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति का आधार शिक्षा, संगठन व स्वावलंबन है। युवाओं को आधुनिक शिक्षा के साथ अपनी गौरवशाली संस्कृति से भी जुड़े रहना चाहिए। समाज में आपसी भाईचारा व सामाजिक समरसता बनाए रखना जरूरी है।’ उनके विचारों ने उपस्थित समाजजनों को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में विधायक राजकुमार मेव, प्रिंस शिवाजीराव होलकर, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री राजेश श्रीपाल, प्रदेश अध्यक्ष संतोष पाल, वरिष्ठ समाजसेवी नर्मदा प्रसाद धनगर, कार्यक्रम संयोजक गणेश पटेल, राष्ट्रीय महामंत्री राजेश श्रीपाल व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र पटेल, समिति अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर, विक्रम पटेल, संतोष पटेल आदि मौजूद रहे। -ब्यूरो
अहिल्याबाई की कर्मभूमि पर जुटा गडरिया समाज का महाकुंभ, शिक्षा-एकता व विरासत संरक्षण का लिया संकल्प
Share:
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted