

नोएडा। मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय सचिव अनिल पाल गेझा ने 4 दिन में 30 से अधिक नुक्कड़ सभाएं कर पाल समाज को संबोधित किया। पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने 2027 में उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए समाज को जागृत किया। अनिल पाल ने समाज को चेताया कि भारतीय जनता पार्टी पाल समाज सहित अन्य समाज का कभी भी भला नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि झूठी, निकम्मी, शिक्षा विरोधी, रोजगार विरोधी, किसान विरोधी, जनविरोधी, हिंदू-मुस्लिम पर झूठी राजनीति करने वाली दंगाई सरकार का पतन होने जा रहा है। बीजेपी ने माते अहिल्याबाई होलकर का अपमान किया है। माते ने भारत देश में सच्ची आस्था की ज्योत जगाई है और काशी विश्वनाथ जैसे विशाल मंदिर का निर्माण सहित तमाम मंदिरों का निर्माण कराया। उन्होंने नदी, पोखरों के साथ ही मणिकर्णिका घाट का भी निर्माण कराया था लेकिन बीजेपी ने घाट को ध्वस्त कर दिया। घाट को पूँजीपतियों के हवाले कर दिया। अनिल पाल ने कहा कि योगी सरकार में हरदोई में मालती पाल, बलिया में जेपी प्रधान हत्याकांड, एटा में अंतराम पाल की बिटिया तनिषा पाल का हत्याकांड, मेरठ में आकाश पाल हत्याकांड, नोएडा में अवधेश बघेल हत्याकांड, कानपुर में बृजेश पाल हत्याकांड, शामली में शिक्षक विजय पाल हत्याकांड, मेरठ में कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल हत्याकांड, कानपुर में छात्र सौरव पाल व गाजियाबाद में नितिन पाल हत्याकांड, मथुरा में मुकेश बघेल हत्याकांड जैसी घटनाओं में भी समाज और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला, न ही वर्तमान भारतीय जनता पार्टी की सरकार से आर्थिक मदद मिली। अनिल पाल ने पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद अखिलेश यादव को 2027 में मुख्यमंत्री बनाने की अपील की। नुक्कड़ सभाओं में मुजफ्फरनगर के सपा जिला सचिव पवन पाल व विजय कुमार पाल भी शामिल रहे। -ब्यूरो