
मुजफ्फरनगर। अखिल विश्व पाल क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय सिंह पाल के निर्देशन, मार्गदर्शन एवं संगठन के संविधान में निहित प्रावधानों के अनुरूप महासभा की जिला मुजफ्फरनगर की नई कार्यकारिणी का विधिवत गठन 12 अप्रैल को गणपति फैमिली रेस्टोरेंट, निकट नसीरपुर-रथेडी कट, एनएच-58, दिल्ली-देहरादून हाईवे पर किया गया। यह कार्यकारिणी संगठन के मूल उद्देश्यों—सामाजिक एकता, शिक्षा का प्रसार, आर्थिक एवं नैतिक उत्थान तथा समाज के सर्वांगीण विकास को समर्पित रहेगी। नवगठित जिला कार्यकारिणी में विभिन्न पदों पर योग्य, अनुभवी, कर्मठ एवं समाजहित के प्रति समर्पित व्यक्तियों को उनकी योग्यता, निष्ठा एवं संगठनात्मक सक्रियता के आधार पर मनोनीत किया गया जिससे संगठन को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जा सके। जिला अध्यक्ष सुनील कुमार पाल एक अनुभवी, दूरदर्शी एवं सक्रिय नेतृत्वकर्ता हैं, जो लंबे समय से समाज सेवा, विधिक जागरूकता एवं संगठनात्मक सशक्तिकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देते आ रहे हैं। उनके नेतृत्व में संगठन ने न केवल सामाजिक सरोकारों को मजबूती दी है, बल्कि समाज के अधिकारों की रक्षा एवं संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण के लिए भी प्रभावी पहल की है। उनका नेतृत्व संगठन के संविधान, विधिक सिद्धांतों एवं लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप मार्गदर्शक भूमिका निभा रहा है। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष टीपी सिंह, युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार पाल, मेरठ जिला अध्यक्ष उमेश कुमार, अमरनाथ पाल, राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश महासचिव रामनिवास पाल, एडवोकेट किरण पाल, प्रेमचंद पाल, सुंदर पाल, राजेंद्र पटवारी, तरुण पाल (जिला पंचायत सदस्य), बबलू पाल, संजय पाल, अनिल पाल, रामबीर पाल, विनय प्रमुख, विनय पाल (सुभाष नगर), राज सिंह पाल, पंकज पाल सहित अनेक गणमान्य एवं सम्मानित व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। जिला अध्यक्ष ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए यह अपेक्षा व्यक्त की कि वे संगठन के संविधान एवं निर्धारित उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करते हुए समाज के उत्थान, एकता एवं जागरूकता के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। यह जिला कार्यकारिणी तत्काल प्रभाव से लागू होगी एवं संगठन के संविधान के अधीन अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी। -ब्यूरो