उत्तर प्रदेश में गडरिया समाज पर अत्याचारों की घटनाएं निरंतर सामने आ रही हैं जोकि बेहद चिंता का विषय है। हाल ही में हापुड़ के बाबूगढ़ थाना अतर्गत मोहम्मदपुर आजमपुर गांव के चार परिवारों को दबंगों ने न केवल बेघर कर दिया बल्कि उनके घर पर तोड़फोड़, आगजनी व मारपीट भी की। चारों परिवारों की महिलाओं ने कुछ समाजसेवी संगठनों को साथ लेकर 16 सितंबर को जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन भी किया लेकिन आज तक न तो पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज की है और न ही दोषियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई की है। नाइंसाफी की इंतहा तो देखिए पुलिस प्रशासन ने चारों परिवारों को सुरक्षा देने से भी इंकार कर दिया जिसके कारण वे सभी गांव से बाहर रहने को विवश हैं। इस मामले में गडरिया समाज के संगठनों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। मंचोें पर बड़ी-बड़ी बातें करने वाले तथा खुद को समाज का ठेकेदार बताने वाले इस मामले में दूर-दूर तक दिखाई नहीं दिए। पीड़ित परिवार दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं जबकि समाज के ठेकेदार दूर खड़े तमाशा देख रहे हैं। गौरतलब है कि हापुड़ जनपद में गडरिया समाज की बहुत बड़ी जनसंख्या है और कई सामाजिक संगठन भी बने हुए हैं। गडरिया समाज के लोग विभिन्न राजनीतिक दलों में भी बड़े-बड़े पदों पर हैं। इसके बावजूद इन परिवारों पर अत्याचार होना बेहद चिंता का विषय है। इसी प्रकार की दूसरी घटना हाल ही में नोएडा में देखी गई जहां दादरी स्थित अंबुजा सीमेंट लिमिटेड कम्पनी में डंपर से दबकर बदायूं के गांव जल्लूपुरा निवासी महेन्द्र पाल के पुत्र भूरे पाल की 19 सितंबर को मृत्यु हो गई थी। कम्पनी के स्टाफ ने पुलिस के साथ मिलकर मामले को लगभग रफा-दफा कर दिया था, लेकिन सपा नेता अनिल पाल गेझा की सक्रियता के कारण काफी जद्दोजहद के बाद कम्पनी ने पीड़ित परिवार को 8 लाख रुपये मुआवजा तथा मृतक भूरे पाल की पत्नी को स्थाई नौकरी देने का वादा किया। इस मामले में भी हमारे समाज के संगठन कहीं दिखाई नहीं दिए। सपा नेता अनिल पाल को अपने साथियों व अन्य किसान नेताओं के साथ ही संघर्ष करना पड़ा। इसी प्रकार हाथरस में भी ठाकुर परिवार के जुल्म के कारण बघेल समाज को पलायन के लिए विवश होने का समाचार मिला है। यह सभी घटनाएं बेहद चिंता का विषय हैं, समाज को इस बारे में गंभीरता से सोचना होगा।
इस हफ्ते इन्हीं शब्दों के साथ जय पाल समाज!
-निरंजन सिंह पाल
अत्याचार की इंतहा!
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted